Bal kavita

शनिवार, 2 मार्च 2019

बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक बाल कविताएं


बच्चों के जीवन में  कविता का महत्व


     हमारे नौनिहाल बच्चे ही इस देश के भावी कर्णधार हैं। यह बच्चे जो भी देखते, सुनते और पढ़ते हैं उसका इनके मानस पटल पर बहुत बड़ा प्रभाव पड़ता है। ज्ञानवर्धक, शिक्षाप्रद और मनोरंजक कविताएं इनके लिए अति महत्वपूर्ण हैं। ऐसी कविताओं को पढ़ने और गुनगुनाने से बच्चों का उच्चारण शुद्ध होता है। उन्हें ज्ञान की प्राप्ति होती है। हर कविता उन्हें सीख देती है। कविता के माध्यम से उन्हें कई उपयोगी जानकारी प्राप्त होती है। यही सीख, ज्ञान और जानकारी उनके भविष्य में उन्हें सही दिशा दिखाती है। जिस तरह से खेलकूद के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन और विकास होता है उसी तरह से कविता और गीतों के माध्यम से भी उनका मनोरंजन और मानसिक विकास होता है।
                 मैंने इन सारी बातों का ध्यान रखते हुए बच्चों के लिए कई कविताएं लिखी हैं। मेरा पूर्ण प्रयास है कि मैं प्यारे बच्चों के लिए अधिक से अधिक और अच्छी से अच्छी कविताएं लिखूं। विदेशों में भी बाल साहित्य को अत्यधिक बढ़ावा मिल रहा है। आप सभी से मेरा अनुरोध है कि बाल साहित्य की गरिमा और गौरव बढ़ाने में सदैव अपना योगदान दें।

सहृदय धन्यवाद!


हरिशंकर पाण्डेय "सुमित"

शुक्रवार, 1 मार्च 2019

पंखों वाले यदि हम होते





पंखों वाले यदि हम होते



पंखों वाले  यदि  हम होते
हम भी नभ में उड़ते जाते।
उड़कर हम स्कूल में जाते
उड़ते- उड़ते घर भी आते!

अपने  पंखों को   चमकाते
तरह- तरह  के रंग   लगाते!
फल के  पेड़ों पर  हम जाते
सभी तरह के फल भी खाते।

जिससे दिल करता मिल आते
जो जी में   आता   वह   खाते।
मेल- मिलाप   सभी  से  होता
प्रेम  सभी  से   हमको    होता।

जंगल के  ऊपर  हम उड़ते
सभी पक्षियों के संग जुड़ते।
अपने  खेल   निराले   होते
हम  कितने  मतवाले  होते।

ट्रेन  जहाज  कहीं  ना चलते
भला गाड़ियों का क्या करते।
डीजल और पेट्रोल ना चलता
बहुत  देश  का   पैसा  बचता।

हम सब करते सैर सपाटा
खूब   तेज  उड़ते  फर्राटा।
बाग -  बगीचे  में   भी   जाते
नदियों की हलचल सुन आते।


हरिशंकर पाण्डेय "सुमित"
बाल कविताएं पढ़िए, आनंद लीजिए और सुनाइए